
ऑटो रिक्शा चालकों के लिए जरूरी खबर है। ट्रैफिक पुलिस अब ऑटो का नया डेटा तैयार करेगी, जिसमें नाम-पते और नंबर के साथ कई तरह का रिकॉर्ड शामिल किया जाएगा। महिला सुरक्षा के मद्देनजर इस तरह के सख्त कदम उठाने की तैयारी की जा रही है। दिल्ली से फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क से बल्लभगढ़ जाने के लिए ऑटो में सवार हुई युवती के साथ गैंगरेप की घटना के बाद ‘हिन्दुस्तान’ ने 6 सितंबर के अंक में ‘ऑटो में न हेल्पलाइन नंबर और न चालक के नाम-पते वाली प्लेट’ शीर्षक से समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसमें ऑटो चालकों की लापरवाही और पुलिस के पास इनकी पहचान का कोई डेटा न होने का मुद्दा उठाया गया था। शुक्रवार को डीजीपी (डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) शत्रुजीत सिंह कपूर फरीदाबाद पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस गंभीरता से काम करेगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऑटो चालकों का डेटा होना बेहद जरूरी है। पहले भी डेटा तैयार किया गया था, लेकिन अब ऑटो की संख्या बढ़ चुकी है।
इसके मद्देनजर नए सिरे से ट्रैफिक पुलिस ऑटो का डेटा तैयार करेगी। इसमें नाम-पते वाली प्लेट, चालक का मोबाइल नंबर, पुलिस हेल्पलाइन नंबर और यूनिक नंबर होगा। डीजीपी ने कहा कि इससे महिला सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। उधर, सोमवार को हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना में अभी ऑटो मालिक वीरेंद्र फरार है, जबकि बाकी दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया है। पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी में जुटी हुई है।
NEWS SOURCE :livehindustan
