
हिमाचल प्रदेश के शिमला में एक शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घर पर मेहमान बनकर रहने आए एक शख्स ने नाबालिग से दरिंदगी कर डाली। मामला शिमला जिला के रामपुर उपमंडल का है। आरोपी ने 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किया और इस बारे में किसी को कुछ भी बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक रणजीत राणा शिमला का रहने वाला है। वह किसी काम के सिलसिले में रामपुर आया था। 4 सितंबर को वह मेहमान बनकर पीड़िता के घर पर रुका था। घर में पीड़िता अपनी दादी संग रह रही थी।
आरोप है कि रात के समय जब एक कमरे में 15 साल की किशोरी सो रही थी तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस बारे में किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित किशोरी ने बाद में हिम्मत जुटाकर दादी को आपबीती बताई। दादी की तहरीर पर रामपुर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 506 व पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी रामपुर शिवानी मेहला ने शनिवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में कानून अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
NEWS SOURCE : livehindustan
