
चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हरियाणा में अल्पकालिक विस्तारक योजना के तहत अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर रही है। इसी कार्यक्रम के तहत शनिवार को गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र और अंबाला में लोकसभा क्षेत्र स्तर की प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
प्रदेश में पार्टी की मजबूती पर चल रहा काम
तीनों कार्यक्रमों में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने भागीदारी करते हुए विस्तारकों को पार्टी की मजबूत आधारशिला करार देते हुए कहा कि 2024 के चुनाव को जिताने में विस्तारक अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विस्तारकों को दो दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद पांच दिन सभी विस्तारक शक्ति केंद्रों पर जाकर संगठन को और अधिक मजबूत करने का काम करेंगे। रविवार को सिरसा, हिसार, भिवानी, रोहतक लोकसभा क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यशालाएं शुरू होंगी, जबकि सोमवार को फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत लोकसभा क्षेत्रों में अल्पकालिक विस्तारकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
धनखड़ ने कहा कि हजारों अल्पकालिक विस्तारक सात दिन का समय दान करेंगे। पार्टी का संगठन पन्ना-पन्ना तक खड़ा हो गया है। ये विस्तारक दो दिन के प्रशिक्षण के बाद शक्ति केंद्रों पर जाकर संगठन गढ़े चलो के मंत्र को आत्मसात करते हुए उसे अधिक मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे। वे सभी शक्ति केंद्र के बूथों पर जाकर भाजपा के बूथ स्तरीय पदाधिकारियों से मिलेंगे। इसके अलावा वहां की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों का अध्ययन करते हुए स्थानीय लोगों मिलेंगे तथा केंद्र व राज्य सरकार की अब तक की उपलब्धियों व योजनाओं को बताएंगे। धनखड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह अल्पकालिक विस्तार अभियान शुरू किया था जिसके तहत हरियाणा भाजपा के 25 विधायक राजस्थान में सात दिनों तक प्रवास करके आए हैं। उसके बाद हरियाणा में इस तरह का अब तक सबसे बड़ा अभियान चलाया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में समय देंगे।
विस्तारक लाभार्थियों को लाभ मिले, यह भी सुनिश्चित करेंगे। लोगों से सुख-दुख साझा करेंगे। अगर उन्हें कोई समस्या है तो उसके समाधान का प्रयास भी करेंगे। इस अभियान में केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में समय देंगे। लोकसभा स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण के पहले दिन गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र और अंबाला में आयोजित कार्यक्रमों में प्रदेश महामंत्री, सांसद, विधायक व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विस्तारकों को संगठन, विस्तारक के काम, संगठन संरचना, विस्तारकों का दायित्व आदि विषयों पर अपनी बात रखी। विस्तारकों को प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्था से परिचय करवाया। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। विस्तारक योजना की भूमिका एवं विस्तारकों के कर्तव्यों का बोध करवाया।
NEWS SOURCE : jagran
