मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सीएम योगी को किया फोन, जानिए वजह

हरियाणा रोडवेज के पीड़ित चालक कर्मचारी की शिकायत पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद संज्ञान लिया है। दरअसल हरियाणा रोडवेज के चालक की पिटाई करने वाले पुलिस अफसर को उत्तर प्रदेश सरकार ने निलंबित कर दिया है। सीएम मनोहर लाल ने पलवल डिपो के चालक खुर्शीद की शिकायत का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश में अपने समकक्ष योगी आदित्यनाथ के ध्यान में पूरा मामला लाया था।

जिसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मारपीट में शामिल पुलिस अफसर व कर्मचारियों की शिनाख्त करने के लिए पीड़ित कर्मचारी को उनके फोटो भेजे थे, लेकिन घटना वाली रात अंधेरा ज्यादा होने पर चालक आरोपियों को पहचान नहीं पाया।

इसके बाद लखनऊ पुलिस आयुक्त ने पीड़ित चालक से बातचीत की उन्होंने मोबाइल पर घटना की लोकेशन और पिटाई करने वाले के बारे में जाना। जिस पर पीड़ित चालक ने बताया कि गोरखपुर का रास्ता पूछने पर पिटाई करने वाले पुलिसकर्मी की वर्दी पर दो स्टार थे। उसके बाद बाराबंकी के प्रभारी डीएसपी ने भी मोबाइल पर बात कर घटना को पुख्ता किया।

पीड़ित चालक खुर्शीद के बयान दोहराने पर उत्तर प्रदेश सरकार ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिस अफसर को निलंबित कर दिया।

हरियाणा परिवहन विभाग के महानिदेशक वीरेंद्र भैया ने उत्तर प्रदेश पुलिस के अफसर को निलंबित किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीते 29 मार्च को रात को करीब 12 बजे रास्ता पूछने पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने बाराबंकी चौक पर चालक खुर्शीद को पीटा था। रोडवेज चालक खुर्शीद का कहना है कि गोरखपुर जाते समय रात लगभग 12 बजे बाराबंकी चौक पर पहुंचे। उन्हें लगा कि कहीं रास्ता गलत न हो इसलिए पुलिस से पूछ लेते हैं। पुलिस वाले से रास्ता पूछने पर 2 स्टार वाले पुलिस अफसर ने डंडे से चालक खुर्शीद को पिटाई कर दी। बाकी चार पांच पुलिस कर्मचारी थप्पड़ मारते रहे। चालक खुर्शीद ने भागकर मुश्किल से जान बचाई। डंडे के निशान उसके शरीर पर अभी भी मौजूद हैं।

परिवहन महानिदेशक वीरेंद्र दहिया ने कहा कि हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी की शिकायत पर सीएम मनोहर लाल ने तुरंत कार्रवाई कर कर्मचारी का मान सम्मान बरकरार रखने के लिए वह सीएम मनोहर लाल के आभारी है। रोडवेज वर्कर्स यूनियन के महासचिव सरबत पूनिया ने भी सीएम का आभार जताया है उन्होंने भी घटना के बाद कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

You might also like