
फरीदाबाद : स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में बगैर आपसी तालमेल और योजना के किए जा रहे विकास कार्य लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। पल्ला इलाके में डेढ़ साल पहले बनी सीमेंटेड सड़क को सीवर लाइन की मरम्मत करने के लिए फिर से खोद दिया गया। नई सीवर लाइन बिछाने के लिए डबुआ-नवादा सीमेंटेड सड़क को खोद दिया है। जबकि प्याली चौक से सारन चौक वाली सड़क को कोई विभाग खोद कर गायब हो गया है। नगर निगम को भी इसकी जानकारी नहीं है। इनमें दो सड़कों को बीते चार साल में करीब 20 साल की गारंटी के साथ करीब छह करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था, जबकि प्याली चौक से सारन चौक वाली सड़क को सात साल पहले बीस साल की गारंटी पर बनाया गया था। नगर निगम शहर में विकास कार्य बिना तालमेल और बगैर योजनबद्ध तरीके से शुरू कर देता है। मसलन, सभी को पता होता है सीवर लाइन आवश्यक है, लेकिन पहले सड़क बनाएंगे और फिर बाद में सीवर के लिए उस सड़क को खोद दिया जाता है। इसकी वजह से पैसे की बर्बाद होती है। परिणामत: शहर में कोई सीमेंटेड सड़क ऐसी नहीं है जो 20 साल तक चली हो। कई नई सड़कों पर अवैध रूप से कटिंग करके पानी लाइन को जोड़ा गया है तो कई सड़कों के फुटपाथ को टेलीकॉम कंपनियों की लीज लाइन बिछाने के लिए खोदा गया है। कुछ स्थानीय लोग इसका विरोध करते हैं लेकिन कहीं कोई सुनने वाला नहीं है।
नगर निगम की लापरवाही के परिणामत: पैसे की बर्बादी हो रही है। करीब डेढ़ साल पहले मार्च-2022 में पल्ला से एनएचपीसी चौक की सड़क को 20 साल की गारंटी पर करीब चार करोड़ रुपये की लागत से सिमेंटेड बनाया गया था। इस सड़क के तैयार होने के करीब छह महीने बाद ही करीब आधा किलोमीटर तक खोद दिया। लेकिन आज तक भी इसे मरम्मत नहीं किया गया। और अब एक बार फिर से इस सड़क को करीब एक किलोमीटर लंबी दूरी तक खोद दिया गया। जिससे लोगों को खासी दिक्कत हो रही है। सड़क खुदी होने के कारण यातायात भी बाधित होती है। स्थानीय निवासी प्रमोद, वीरेंद्र दत्त, अशोक, मुकेश, ओमप्रकाश आदिद ने इस सड़क खुदाई का विरोध किया, लेकिन किसी की एक नही चली। इन लोगों ने बताया कि इस सड़क का सीमेंटेड निर्माण करीब डेढ़ वर्ष किया गया था। छह महीने बाद ही सड़क को खोद दिया। लोगों ने स्वयं इसके गडढो को भरा और अब इस सड़क को सीवर लाइन जाम होने के नाम पर खोद दिया। बगैर योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्य लोगों को सुविधा के बजाए मुसीबत बने हुए हैं।
डबुआ-नवादा वाली सड़क भी खोद डाली
डबुआ-नवादा वाली सड़क भी खोद डाली। इस सड़क को तीन साल पहले ही बनाया गया था। करीब दो करोड़ की लागत से बनी सड़क को सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदा गया, जबकि सीवर लाइन बिछाने की यह योजना भी इस सड़क को बनाने से पहले ही मंजूर की गई है। अमृत योजना के तहत इस सीवर लाइन को बिछाया जाना था। लेकिन उस समय सीवर लाइन बिछाने का काम दिल्ली-सीमा से सटे सेहतपुर इलाकों में चल रहा था। नगर निगम को अब याद आया कि सीवरलाइन बिछानी है और सड़क को खोद दिया गया है। स्थानीय निवासी दर्शन भाटिया ने बताया कि सड़क कुछ वर्ष पहले ही बनी थी, अब इसे खोद दिया गया है। इससे लोगों को खासी दिक्कत होती है और पैसे की भी बर्बादी होती है।
लघु गुलाब उद्यान के पास उखाड़ दिया फुटपाथ
करीब दस दिन पहले प्याली-हार्डवेयर रोड के किनारे फुटपाथ के लिए बिछाई गई टाइल्स को टेलीकॉम कंपनी की लाइन बिछाने के लिए उखाड़ दिया गया। इससे पार्क में सैर करने वालों को खासी दिक्कत हो रही है। ठेकेदार अब इन टाइल्स को फिर से बिछा भी नहीं रहा है। ऐसी हालात लगभग शहर के सभी इलाकों में जहां मिलीभगत से निजी टेलीफोन कंपनियां भी सड़कों को खराब करने में पीछे नहीं हैं। उनके भूमिगत लाइन में खराबी आने पर सुधार के लिए सड़क खोदनी पड़ती है। कंपनी के कर्मचारी सड़क खोदकर लाइन तो ठीक करते है, लेकिन इसके बाद सड़क की मरम्मत नहीं की जाती है। कई बार आवश्यकता के मुताबिक सड़क को काटना पड़ता है। नुकसान कम से कम हो और लोगों को दिक्कत कम हो, इसका ध्यान रखा जाता है। जो सड़कें तोड़ी गई हैं एक बार दिखवा लेते हैं। अगर लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
– ओमवीर, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम
NEWS SOURCE : livehindustan
