
गुरुग्राम जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन विभाग ने 15 बिल्डर कॉलोनियों में बिल्डिंग प्लान नियमों का उल्लंघन करने वाले आवासीय मकानों पर शिकंजा कस दिया है। 500 आवासीय मकानों में अगले माह से सीलिंग होगी। इसमें डीएलएफ फेज-1 से 4 तक, सुशांतलोक-1 व 3 तक, सनसिटी, साउथ सिटी-1 व 2, विपुल वर्ल्ड, उप्पल साउथएंड, वाटिका इंडिया नेक्स्ट, बीपीटीपी जैसी कॉलोनियां शामिल हैं। मकान मालिकों पर आरोप है कि अतिरिक्त निर्माण करके व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। नोटिस के बाद भी गतिविधियां बंद नहीं हुईं। अब इन मकानों की सीलिंग की कार्रवाई होगी।
सर्वे के बाद 800 मकानों को नोटिस दिए : डीटीपी प्रवर्तन विभाग की ओर से बिल्डर कॉलोनियों का सर्वे कराया गया। इसके लिए चार टीमें बनाई गई थीं। टीमों ने डीएलएफ फेज-1 से 4 तक, सुशांतलोक-1 से 3 तक, सनसिटी, साउथ सिटी, विपुल वर्ल्ड, उप्पल साउथ एंड, वाटिका इंडिया नेक्स्ट, सेक्टर-102 बीपीटीपी, सेक्टर-62 के इमार कॉलोनी समेत अन्य लाइसेंस कॉलोनियां शामिल हैं। इन कॉलोनियों के रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां चलाने पर 800 मकान मालिकों को नोटिस दिए गए।
सीलिंग के डर से कोर्ट में याचिका : डीटीपी विभाग की तरफ से भेजे नोटिस के बाद मकान मालिको ने सीलिंग के डर से कोर्ट में याचिका डाली थी। अब तक करीब 25 याचिका दायर हो चुकी है। इसको लेकर विभाग की ओर से पैरवी की जा रही है। वहीं कोर्ट ने भी रिहायशी मकानों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए किसी मामले में स्टे नहीं दिया है।
इस सप्ताह 100 मकान सील किए जाएंगे
डीटीपी विभाग के अनुसार टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के महानिदेशक टीएल सत्यप्रकाश के आदेश पर सीलिंग अभियान अब लगातार जारी रहेगा। कोर्ट केसों में मजबूती से पैरवी की जा रही है। इसी सप्ताह से 100 व्यावसायिक गतिविधियों को सील करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग अधिकारियों का रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियों पर ठोस कार्रवाई के निर्देश है। ऐसे में डीटीपी प्रवर्तन की जिम्मेदारी तय की गई है कि रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
इन कॉलोनियों में हो चुकी कार्रवाई
डीटीपी प्रवर्तन टीम सीलिंग अभियान चलाकर 150 आवासीय मकानों को सील कर चुका है। इसमें सेक्टर-53 स्थित पार्श्वनाथ एग्जोटिका ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में तीन, सेक्टर-54 स्थित सनसिटी कॉलोनी में पांच अवैध व्यावसायिक गतिविधियां को सील किया। इनमें दो मकानों में पीजी, दो मकानों में डेंटल क्लीनिक और एक मकान में कॉमर्शियल ऑफिस शामिल है। डीएलएफ फेज-2 व 3 में 30 से अधिक दुकानें सील की गईं, जो आवासीय मकानों में संचालित की जा रही थी। सीलिंग के डर से 150 मकान मालिकों ने व्यावसायिक गतिविधियां बंद कर दीं और कुछ ने विभाग से अनुमति ली है।
– मनीष यादव, डीटीपी प्रवर्तन गुरुग्राम, ”बिल्डर कॉलोनियों में 500 आवासीय मकानों में नियमों का उल्लंघन हो रहा है। ऐसे मकानों को सील किया जाएगा। कुछ मकान इस सप्ताह सील किए जाएंगे। उसके बाद अक्टूबर में सीलिंग की जाएगी। 150 मकानों को सील किया जा चुका है। इसमें रियायत नहीं दी जाएगी।”
NEWS SOURCE : livehindustan
