
फरीदाबाद: नेशनल हाईवे पर अजरौंदा से नीलम चौक की तरफ जाने वाले नीलम फ्लाईओवर की एक साइड निर्माण कार्य (रिपेयर) के चलते आज से बंद कर दी गई है। एफएमडीए द्वारा अजरौंदा से नीलम की ओर जाने वाली फ्लाईओवर की एक साइड पर मरम्मत कार्य होगा और नीलम से अजरौंदा की तरफ जाने वाली साइड पर दोनों तरफ का यातायात चलाया जा रहा है। हफ्ते का पहला कार्य दिवस होने के चलते सोमवार की सुबह ही वाहन चालकों को जाम में फंसना पड़ा। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा और दफ्तरों में, अपने संस्थानों में, कारोबार के काम से लोग सड़कों पर निकलेंगे तो और ज्यादा जाम की स्थिति होना तय है। सोमवार को अजरौंदा चौक और नीलम चौक दोनों तरफ जाम नजर आया।
नीलम फ्लाईओवर बुरी तरह से जर्जर हो गया है और इस पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। यातायात पुलिस द्वारा फ्लाईओवर की दूसरी साइड को दो हिस्सों में बांटकर वाहनों के आने और जाने की व्यवस्था की गई है। डीसीपी ट्रैफिक अमित यशवर्धन ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि सड़क निर्माण के चलते अपनी मंजिल को सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का पालन करें।

वैकल्पिक मार्ग चुनें, घर से निकलें जल्दी
पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, लोग अपनी यात्रा बनाते वक्त एडवाइजरी का ध्यान रखें और वैकल्पिक मार्ग चुनें। वाहन चालक अपनी सुविधा अनुसार बाटा पुल, ओल्ड अंडरपास या बड़खल फ्लाईओवर का उपयोग कर सकते हैं।

डीसीपी ट्रैफिक ने फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। डीसीपी ट्रैफिक की ओर से किसी तरह की जानकारी के लिए और यातायात की परेशानी से बचने के लिए फोन नंबर भी जारी किए गए हैं। वाहन चालक इन नंबरों 9582200138/0129-2225999 पर संपर्क कर सकते हैं।
NEWS SOURCE : jagran
