
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र में पीआरवी के सिपाही और होमगार्ड ने मंगेतर के सामने न सिर्फ युवती से अश्लीलता की, बल्कि शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला और ऑनलाइन रिश्वत भी वसूली। घटना के 12 दिन बाद केस दर्ज कर सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया। नोएडा की रहने वाली युवती ने गाजियाबाद नगर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 16 सितंबर को वह बुलंदशहर निवासी अपने मंगेतर के साथ साईं उपवन में घूमने आई थी। इसी दौरान डायल-112 की पीआरवी बाइक पर सिपाही दिगंबर और होमगार्ड राकेश कुमार अपने तीसरे तीसरे साथी के साथ आए और उन्हें जेल भेजने की धमकी देने लगे। उन्होंने उसके मंगेतर को थप्पड़ भी मारे और फिर जेल भेजने की धमकी देकर 10 हजार रुपये की मांग की। युवती के मुताबिक, होमगार्ड राकेश ने उसके मंगेतर के सामने ही उसके साथ अश्लीलता की। आरोप है कि होमगार्ड ने उसे कई बार गलत तरीके से छुआ। तीसरे अज्ञात आरोपी ने दोनों को छोड़ने की एवज में छह लाख रुपये की मांग की। पैसे न होने की बात कहने पर पुलिसकर्मियों ने एक हजार रुपये पेटीएम पर ट्रांसफर करा लिए।
तीन घंटे तक बैठाकर रखा, फोन कर धमकाया
युवती का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें तीन घंटे तक बैठाकर रहा। इस दौरान वह उसके साथ अश्लील हरकतें करते रहे। इस दौरान उन्होंने उसका मोबाइल नंबर भी ले लिया। युवती के मुताबिक, राकेश कुमार ने 19 सितंबर को फोन करके उसे धमकाया। इतना ही नहीं, 22 सितंबर की रात 11 बजे राकेश और दिगंबर उसके घर पहुंचे और रिश्वत के एक हजार रुपये लौटाकर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
देरी से दर्ज हुई रिपोर्ट
नगर कोतवाली पुलिस ने घटना के 12 दिन बाद सिपाही, होमगार्ड तथा एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। अधिकारियों का तर्क है कि युवती ने 26 सितंबर को पुलिस को फोन किया, लेकिन यह कॉल दिल्ली कंट्रोल रूम में जाकर लगी। दिल्ली पुलिस ने 28 सितंबर को गाजियाबाद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पीड़िता से संपर्क साधकर शिकायत ली गई। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– निमिष पाटिल, एसीपी कोतवाली ने कहा, ”सिपाही, होगमार्ड और एक अज्ञात के खिलाफ अश्लीलता, अवैध हिरासत में रखने और भ्रष्टाचार की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। सिपाही को सस्पेंड करते हुए होमगार्ड पर कार्रवाई के लिए कमांडेंट को पत्र लिखा गया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।”
NEWS SOURCE : livehindustan
