
हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी एक ट्रैफिक पुलिस के जवान से बदसलूकी कर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। गाजियाबाद में ट्रैफिक पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल ने नंदग्राम थाने में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि 1 अक्टूबर को राजनगर एक्सटेंशन में ड्यूटी के दौरान एक वाहन का चालान काटे जाने पर उन्होंने अपने साथियों के साथ हंगामा करते हुए पुलिस कर्मी के साथ तू-तू मैं-मैं और अभद्रता की, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हेड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार का कहना है राजनगर एक्सटेंशन में हिंडन एयरपोर्ट की तरफ से आ रहे एक वाहन का यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालान किया गया था। इसका वाहन चालक विरोध करने लगा और उसने कुछ लोगों को बुला लिया, जिनमें एक व्यक्ति ने अपना नाम पिंकी चौधरी बताया। जो सरकारी कार्य में बाधा डालने लगा और अभद्र भाषा में बात करने लगा। काफी समझाने के बाद भी वह लोग नहीं माने और सड़क पर बैठकर हंगामा करने लगे। इस घटना के एक वायरल वीडियो में पिंकी चौधरी को पुलिस कर्मी के साथ तू-तू, मैं-मैं और धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले में वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी पिंकी चौधरी और 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि, हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस कर्मी ने गाड़ी पर ‘जय माता दी’ लिखा होने के चलते चालान काटा, जबकि ऐसा करने का कोई नियम नहीं है।
अभद्र टिप्पणी के मामले में पिंकी चौधरी पर केस
हिंदू धर्म को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी के खिलाफ टीला मोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसीपी शालीमार गार्डन सूर्य बली मौर्य ने बताया कि एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पिंकी चौधरी उर्फ भूपेन्द्र तोमर द्वारा अपने समर्थको के साथ हिन्दू धर्म के बारे मे अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
NEWS SOURCE : livehindustan
