
राजस्थान विधानसभा के चुनाव नजदीक आ रहे हैं। ऐसे में नेता लोगों को रिझाने के लिए तरह-तरह के हथकंड़े अपनाते हैं। कोई जिले के विकास की बड़ी-बड़ी बातें करता है तो कोई लोगों के दिनचर्या वाले काम भी करने को तैयार हो जाता है। ऐसे ही एक मामला राजस्थान के दौसा से आ रहा है। यहां एक विधायक ने वोट के लिए टॉयलेट साफ किए, इतना ही नहीं लोगों के जूते तक पॉलिश कर डाले। बता दें कि ये विधायक दौसा के महवा विधानसभा से आते हैं। इनका नाम ओम प्रकाश हुड़ला है। विधायक बीते दिन मंगलवार को राजकीय अस्पताल पहुंचे और वहां की गंदी टॉयलेट को देख हॉस्पिटल मैनेजमेंट से नाराजगी जताई और उसे खुद ही साफ करने लगे।
हॉस्पिटल में गंदगी देख हुए नाराज
बीते दिन मंगलवार को विधायक ओम प्रकाश हुड़ला अपने समर्थकों के साथ हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने राजकीय अस्पताल पहुंचे थे। यहां पहुंचते ही विधायक ने डॉक्टरों से बातचीत की, उसके बाद हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं को देखने निकल पड़े। इसी दौरान उन्होंने हॉस्पिटल की गंदी टॉयलेट को देखा तो गुस्से से आगबबूला हो गए और मैनेजमेंट से नाराजगी व्यक्त करने लगे। इसके बाद उन्होंने खुद ही टॉयलेट साफ करने की ठानी। इसके बाद विधायक ने ब्रश और क्लीनर मंगवाया और टॉयलेट साफ करने लगे। टॉयलेट की सफाई के बाद उन्होंने सफाईकर्मियों और समर्थकों के साथ मिलकर हॉस्पिटल की धुलाई भी की।
किए लोगों के जूते पॉलिश
गौरतलब है कि बीते सोमवार को विधायक ने पुलिस थाने के बाहर गुजर रहे लोगों के जूते भी पॉलिश किए। हालांकि उन्होंने पहले ही गांधी जयंती पर चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत थाने के बाहर जूते पॉलिश करने की बात कही थी। इसके बाद वे सोमवार की शाम 4 बजे थाने के बाहर पहुंचे। वहां आने-जाने वाले लोगों को रोका और उनके जूते पॉलिश किए, साथ ही आशीर्वाद भी लिया। वे यहां पर करीब 40 मिनट रुके थे और लगभग 15 लोगों के जूते पॉलिश किए। इस दौरान बीच-बीच में अपने कार्यकर्ताओं और आमजन से उनकी समस्याएं भी जानीं।
NEWS SOURCE : indiatv
