
Delhi Liquor Scam Investigation: दिल्ली शराब घोटाले (Delhi Liquor Scam) मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) को आज (गुरुवार को) दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा. संजय सिंह को बुधवार देर शाम ED ने गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद उनकी रात ईडी दफ्तर में ही गुजरी. मगर संजय सिंह की गिरफ्तारी से सियासत चरम पर है. आम आदमी पार्टी ने कोर्ट से रोड तक इसके खिलाफ लड़ने का ऐलान किया है तो वहीं तमाम विपक्षी पार्टियां संजय सिंह की गिरफ्तारी को केंद्र सरकार की साजिश बता रही है.
संजय सिंह तक पहुंची घोटाले की आंच
मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत हुए गिरफ्तार
संजय सिंह शायद इसके लिए तैयार ही थे. उन्होंने अपनी मां के पांव छूकर आशीर्वाद लिया और ईडी की टीम के साथ घर से बाहर निकल आए. इस दौरान वहां सैकड़ों की संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे. संजय सिंह ने हाथ उठाकर समर्थकों का अभिवादन किया तो आप कार्यकर्ता हंगामे पर उतर आए. हालांकि, सुबह से जारी छापेमारी के बीच संजय सिंह के घर के बाहर भारी पुलिस बल भी तैनात था, जिनकी मदद से ईडी की टीम ने संजय सिंह को गाड़ी में बिठाया और फिर उन्हें अपने साथ ईडी दफ्तर ले गई. संजय सिंह को दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है.
शराब नीति घोटाले में हुईं 14 गिरफ्तारियां
जान लें कि ED दिल्ली शराब नीति घोटाले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि सीबीआई ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सीबीआई ने इस मामले में विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली, बुच्ची बाबू, मनीष सिसोदिया, अरविंद सिंह और चरणप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है. ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली, समीर महेंद्रू, पी शरथ चंद्रा, बिनोय बाबू, अमित अरोड़ा, गौतम मल्होत्रा, राघव मगुंटा, राजेश जोशी, अमन ढाल, अरूण पिल्लई, मनीष सिसोदिया, दिनेश अरोड़ा और संजय सिंह को गिरफ्तार किया है.
कौन बना सरकारी गवाह?
तीन आरोपी विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली और मनीष सिसोदिया को दोनों एजेंसियों (ED-CBI) ने इस मामले में अरेस्ट किया है. ED के मामले में तीन सरकारी गवाह है जो दिनेश अरोड़ा, पी शरथ चंद्रा और राघव मंगुटा हैं. दिनेश अरोड़ा दोनों एजेंसी सीबीआई और ED का सरकारी गवाह बन चुका है. राघव YSR कांग्रेस के सांसद मगुंटा श्रीनिवास रेड्डी का बेटा है. सीबीआई इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी पूछताछ कर चुकी है. 16 अप्रैल को सीबीआई ने पूछताछ की थी.
कब गिरफ्तार हुए थे सिसोदिया?
वहीं, मनीष सिसोदिया को 9 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया गया था. संजय सिंह इस मामले में गिरफ्तार होने वाले 13वें आरोपी हैं. हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के ट्विटर हैंडल से संजय सिंह का एक रिकॉर्डेड वीडियो मैसेज भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए रहा कि मरना मंजूर है लेकिन झुकना नहीं.
कैसे बढ़ीं संजय सिंह की मुश्किलें?
दरअसल इस मामले में आरोपी दिनेश अरोड़ा सरकारी गवाह बन गया. ईडी का कहना है कि दिनेश अरोड़ा ने संजय सिंह को लेकर खुलासा किया है कि संजय सिंह ने सीएम आवास पर अरोड़ा की मुलाकात अरविंद केजरीवाल से कराई थी. यही नहीं ईडी का ये भी कहना है कि संजय सिंह ने मनीष सिसोदिया से भी अरोड़ा को मिलवाया था. ईडी के मुताबिक, दिनेश अरोड़ा ने बताया है कि संजय सिंह के कहने पर सिसोदिया को 32 लाख का चेक दिया.
हालांकि, संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसके लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि संजय सिंह के खिलाफ कोई सबूत नहीं है. वहीं, संजय सिंह के घर पर देर रात तक पार्टी नेताओं का पहुंचना जारी रहा. सबसे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संजय सिंह के परिवार से मिलने पहुंचे, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई. परिवार से मिलने के बाद उन्होंने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग के जरिए साजिश का आरोप लगाया.
हालांकि, बीजेपी नेताओं का कहना है कि शराब घोटाले के दोषी एक-एक कर सामने आ रहे हैं और जल्द ही अगला नंबर दिल्ली के सीएम केजरीवाल का भी हो सकता है. आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी से विपक्षी गठबंधन भी बौखलाया हुआ है. आरजेडी सांसद मनोज झा ने इसे काले दिन की शुरुआत कहा तो वहीं जेडीयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया.
फिलहाल संजय सिंह को ED दफ्तर के लॉकअप में रखा गया है. जहां बीती रात राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टर्स ने उनका मेडिकल चेकअप भी किया और आज उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा. मगर एक-एक कर अपने सांसद और मंत्रियों की गिरफ्तारी से आम आदमी पार्टी बौखलाई हुई है. आप ने आज दिल्ली बीजेपी दफ्तर के बाहर विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है. जाहिर है संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आज का दिन भी बेहद हंगामेदार होने वाला है.
NEWS SOURCE : zeenews
