
गोहाना : हरियाणा की सियासत दिनप्रति दिन दिलचस्प होती जा रही है। प्रदेश के दिग्गज नेताओं के बीच बयानबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साध रहे हैं। बता दें कि विज ने बयान दिया था कि उन्होंने हुड्डा के लिए जेल में कमरा बुक करवा दिया है, वे बहुत जल्द वहां नजर आएंगे। इसी पर पलटवार करते हुए आज हुड्डा ने कहा कि अनिल विज उनके मित्र हैं और उनकी जगह आगरा (पागलखाना) है।
गौरतलब है कि आज हरियाणा के पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा एक कांग्रेस नेता कपूर नरवाल के बड़े भाई के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान हुड्डा ने अनिल विज द्वारा जेल में कमरा बुक होने वाले बयान पर भी कटाक्ष किया। हुडा ने कहा अनिल विज हमारे पुराने मित्र हैं, उनका स्थान आगरा है और आगरा का मतलब सब जानते हैं। वहीं बीजेपी द्वारा नायब सैनी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार से हर वर्ग दुखी व परेशान है। किसान, मजदूर, ओबीसी सब कांग्रेस के साथ हैं। सभी कांग्रेस की सरकार चाहते हैं। यह विफल सरकार है। पांच राज्यों के चुनाव को लेकर किए सवाल पर उन्होंने कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस पार्टी इस बार बेहतर करेगी।
NEWS SOURCE : punjabkesari
