
फरीदाबाद: स्मार्ट सिटी के सबसे बड़े सरकारी बादशाह खान अस्पताल में मरीज पिछले 15 दिन से कई दवाओं का स्टाक खत्म होने से भटकने को मजबूर हैं। अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों का कहना है कि उन्हें अधिकतर दवाएं निजी मेडिकल स्टोर से खरीदनी पड़ रही है। ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
गौरतलब है कि बादशाह खान अस्पताल की ओपीडी 1800 से दो हजार के करीब रहती है। इन सभी को चिकित्सकीय परामर्श के बाद प्रदेश सरकार की ओर से निशुल्क दवा भी उपलब्ध कराई जा रही है। आधे महीने से अस्पताल में आ रहे रोगियों को बीमारी से संबंधित दवाएं न मिलने से परेशानी हो रही है। अधिकतर दवा रोगियों को निजी मेडिकल स्टोर से ही खरीदनी पड़ रही है। हैरानी की बात है कि इस मौसम में सर्दी बढ़ने से गैस, बीपी, शुगर और जोड़ों में दर्द आदि शिकायत हो जाती है और बादशाह खान अस्पताल प्रबंधन के पास इन बीमारियों की दवाएं नहीं है।
अधूरे उपचार से चलाना पड़ रहा है काम
बादशाह खान अस्पताल में उपचार के लिए कई रोगी ऐसे भी आते हैं, जो दवा के लिए पूरी तरह सरकार पर निर्भर रहते हैं। ऐसे रोगियों को किसी सामाजिक संस्था का मुंह देखना पड़ता है, जो रोगियों को अपने पास से दवा खरीदकर देते हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे भी होते हैं, जितनी दवा बादशाह खान अस्पताल से मिल गई, उतनी दवा लेते रहते हैं। वह अधूरी दवा से ही अपना उपचार करवाते हैं। इन रोगियों का रोग कम होने की बजाय बढ़ता रहता है।
मरीज बोले, आधी दवाएं मिल रहीं
पैर और घुटने में दर्द से काफी परेशान हूं। डॉक्टर ने चार तरह की दवा लिखी है। उनमें से केवल दो ही दवा मिली हैं, जबकि ओपीडी कार्ड पर लिखी दवा के आगे एनए लिख दिया है। अब पूरा इलाज कराने के लिए बाहर से दवा खरीदनी पड़ेगी।
– पूनम, स्थानीय निवासी, डबुआ
जांघ, मासिक धर्म और सर्दी खांसी की शिकायत है। इसके चलते बादशाह खान अस्पताल आई थी। कुछ दवा ही दी हैं, जबकि कुछ दवा बाहर से खरीदने के लिए बोला है। इसके अलावा फार्मेसी पर बैठे कर्मचारियों को लोगों के प्रति व्यवहार भी अच्छा नहीं है।
– सरिता, स्थानीय निवासी, डबुआ
हम लगातार दवा की मांग बनाकर वेयर हाउस को भेजते रहते हैं। यदि फार्मेसी में डॉक्टर द्वारा लिखी दवा उपलब्ध नहीं होती तो उसका कोई दूसरा विकल्प दे देते हैं। हमारा प्रयास भी है कि किसी भी मरीज को दवा बाहर से नहीं खरीदनी पड़े।
– सविता यादव, प्रधान चिकित्सा अधिकारी
NEWS SOURCE : livehindustan
