फरीदाबाद: एक मजदूर दबा, जैक की मदद से उठाया जा रहा मकान गिरा एसजीएम नगर में
फरीदाबाद: एसजीएम नगर में रविवार शाम एक मकान भरभरा कर गिर गया। मकान को जैक की मदद से उठाया जा रहा था। इस दौरान एक मजदूर इसमें दब गया। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से उसे कुछ देर बाद ही सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। सूचना पर दमकल विभाग के कर्मचारी और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक मलबे में दबे मजदूर को मामलू चोटें आई हैं, फिलहाल वह सुरक्षित है। एसजीएम नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश बागड़ी ने बताया कल्याणपुरी चौक के पास एक मकान के लेंटर को जैक की मदद से उठाया जा रहा था। इस दौरान शाम करीब सात बजे मकान में दरार आनी शुरू हो गई और वह गिर गया।
मकान गिरने से एक मजदूर मलबे में दब गया। उसे बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा मकान के आगे खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ सामान दब गया। मकान गली के किनारे था। गनीमत रही कि और कोई व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया। पुलिस के अधिकारियों के अनुसार अभी तक मकान मालिक के खिलाफ किसी ने शिकायत नहीं दी है। बावजूद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र की ठप हुई बिजली आपूर्ति : जानकारी के अनुसार मकान पास स्थित बिजली के खंभे गिरा था। इससे बिजली का खंभा टूट गया और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बिजली निगम के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त खंभे को ठीक कर आपूर्ति सुचारू की।
आसपास अफरा-तफरी मची : मकान के गिरने से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान के पास एक किराने का दुकान भी था। वहां कुछ लोग सामान खरीद रहे थे। हालांकि वह मकान के गिरने से चपेट में नहीं आए। इसके अलावा मकान का मलबा सड़क पर गिरने से क्षेत्र में आंशिक रूप से यातयात भी बाधित रहा। गौरतलब है कि कई बार लोग अपने मकानों को जैक से उठाते हैं। कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें मकान गिरे। पिछले वर्ष संत नगर में जैक से मकान उठाने के दौरान एक मकान गिर गया था। उसमें एक मजदूर की मौत हो गई थी।
NEWS SOURCE : livehindustan