
Ghaziabad Horror Killing: यूं तो प्यार पर खूब गाने, शायरी और फिल्मों की पूरी की पूरी कहानी लिखी जाती है. लेकिन शायद समाज इसे खुली बाहों से अभी तक स्वीकार नहीं कर पाया है. दरअसल, ऐसा ही एक मामला दिल्ली से सटे गाजियाबाद (Ghaziabad Murder Case) से सामने आया है. यहां दो भाइयों ने अपनी बहन को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि उसे दूसरे समुदाय के किसी लड़के से प्यार था. दो भाइयों ने अपनी बहन को प्यार करने की बेरहम सजा दी है. वारदाते के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी है और परिवार के लोग सदमे में हैं.
सगे भाई ने ताऊ के बेटे के साथ मिल बहन को मारा
बता दें कि गाजियाबाद के मुरादनगर थाना इलाके से हत्या का ये मामला सामने आया है. दरअसल, यहां एक समुदाय की नाबालिग लड़की दूसरे समुदाय के लड़के से प्रेम करती थी. इस बात से नाराज होकर दो भाइयों, सुफियान और महताब ने अपनी बहन की हत्या कर दी. मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी अपनी बहन की हत्या कर फरार होने की कोशिश में थे. आरोपी मुरादनगर की गंग नहर से गुजर रहे थे तभी पुलिस ने उनको दबोच लिया. सुफियान मृतक लड़की का सगा भाई है और महताब उसके ताऊ का बेटा है
प्रेमी से शादी की बात पर अड़ी थी लड़की
पुलिस के मुताबिक, लड़की अपने प्रेमी से शादी की बात पर अड़ी हुई थी. इसी बात से नाराज होकर भाइयों ने साजिश रची. वो दोनों अपनी बहन को गंग नहर के पास ले गए और गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपियों को संदिग्ध हालत में देख जब पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने सारा राज उगल दिया. आरोपियों ने अपनी बहन को मारकर गंग नहर में फेंक दिया था. लाश की तलाश में एनडीआरएफ समेत कई गोताखोंरों की मदद से पुलिस गंग नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है लेकिन शव बरामद नहीं हो पाया है.
कैसे पकड़े गए बहन का मारने वाले हत्यारे?
पुलिस के मुताबिक, 16 दिसंबर की शाम को थाना मुरादनगर में दो संदिग्धों पूछताछ के लिए रोका गया था. जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन को गमछे से गला दबाकर मार दिया है और उसे गंग नहर में डाल दिया है. फिर 17 दिसंबर को दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया और उनसे दोबारा पूछताछ की गई. मारने का कारण पूछने पर दोनों आरोपियों ने बताया कि उनकी बहन एक लड़के से प्रेम करती थी जो परिवार को पसंद नहीं था. इसीलिए उन्होंने अपनी बहन को मारा.
लड़की के कपड़े और सैंडल बरामद
एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पीड़िता के कपड़े, सैंडल, आधार कार्ड और जिस गमछे से पीड़िता को मारा था वह गमछा बरामद कर लिया गया है. इस मामले में पुलिस ने आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
NEWS SOURCE : zeenews
