
नूंह हिंसा से चर्चा में आए बिट्टू बजरंगी के भाई महेश पांचाल की मौत के बाद सोशल मीडिया पर किए जा रहे भड़काऊ पोस्ट मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवक का ‘एक्स’ अकाउंट सस्पेंड कराया है। पुलिस उसके किए गए पोस्ट की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पोस्ट करने वाले के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
गौरतलब है कि 13 दिसंबर 2023 की आधी रात को बिट्टू बजरंगी के भाई महेश पर बाबा मंडी में ज्वलनशील पदार्थ डालकर किसी ने आग लगा दी थी। बीते सोमवार को महेश की दिल्ली एम्स में मौत हो गई। इसी मामले को लेकर बिट्टू बजरंगी के पक्ष में एक युवक ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट की थी। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई। पुलिस ने ‘एक्स’ को पत्र भेजकर सारी पोस्ट हटवाईं और इस अकाउंट को सस्पेंड करा दिया।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने लोगों से अपील की है कि लोग किसी प्रकार का भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर न डालें। इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका रहती है। ऐसे पोस्ट करने वालों के खिलाफ पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
आपत्तिजनक टिप्पणी की
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी युवक काफी समय से समाज में अशांति फैलाने के लिए बिना तथ्यों के सांप्रदायिक सूचना गलत अंदाज में प्रस्तुत कर रहा था। वह तरह-तरह की अफवाहें फैला रहा था। बिट्टू बजरंगी के भाई महेश की मौत के प्रकरण में भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए सांप्रदायिक रंग देने वाली खबरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं। उस पर नजर पड़ते ही पुलिस हरकत में आई। युवक नोएडा स्थित एक न्यूज चैनल का रिपोर्टर बताया जा रहा है।
पॉलीग्राफी रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि महेश पांचाल मामले में नामजद आरोपी का पॉलीग्राफ टेस्ट रिपोर्ट अभी नहीं आई है। गुरुवार को आरोपी का दिल्ली के रोहिणी स्थित लैब में पॉलीग्राफ टेस्ट किया गया था। पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साथ ही विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
NEWS SOURCE : livehindustan
