
बिजली संकट दूर करने को बिजली विभाग जल्द ही बड़ा कदम उठाने जा रहा है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ओवरलोड खत्म करने के लिए 31 मार्च तक फरीदाबाद में बिजली के 250 ट्रांसफार्मर लगाएगा। अधिकांश ट्रांसफार्मर 100 केवीए और 200केवीए के लगाए जाएंगे। ज्यादा क्षमता के ट्रांसफार्मर लगने पर गरमी के मौसम में बिजली गुल नहीं होगी।
गरमी के मौसम में ओवरलोड की वजह से ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ने से बिजली गुल होती रहती है। रात के समय यह समस्या ज्यादा होती है। गत वर्ष बड़खल, डबुआ कॉलोनी, आईपी कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, एनआईटी-दो, संजय कॉलोनी, सेक्टर-सात, सिही, नहरपार एरिया, ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी सहित विभिन्न कॉलोनियों में ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने से बिजली गुल ही समस्या थी।
इस समस्या से निपटने के लिए बिजली निगम ओवरलोड की समस्या से निपटने में लगा हुआ है। इसके मद्देनजर बिजली निगम जनवरी से लेकर मार्च के बीच 250 ट्रांसफार्मर को बदलकर उनके स्थान पर ज्यादा क्षमता के लगाएगा। बदले जाने वाले ट्रांसफार्मर की क्षमता 63 केवीए, 100 केवीए और 200 केवीए होगी। कुछ ट्रांसफार्मर 400 केवीए के भी लगाए जाने पर विचार चल रहा है। बिजली निगम के एक अधिकारी ने बताया कि बिजली निगम जिले में 18 हजार 500 से ज्यादा ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। गत वर्ष बिजली निगम ने 650 से ज्यादा ओवरलोड ट्रांसफार्मर बदले थे।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता जितेंद्र कुमार ढुल ने बताया कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम उपमंडल नंबर-चार, सूरजकुंड, दिल्ली बॉर्डर एरिया, सेक्टर-29, ओल्ड फरीदाबाद, सेक्टर-16, 18 आदि में भी ओवरलोड ट्रांसफार्मर को बदलेगा। इससे बिजली कटौती की समस्या दूर हो जाएगी।
सेक्टर-23 बिजलीघर से शुरू होंगे 12 फीडर
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम संजय कॉलोनी, सेक्टर-22, सेक्टर-23, सेक्टर-23 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और सेक्टर-24 में ओवरलोड खत्म करने के लिए 12 फीडर बनाएगा। इन फीडरों को मंजूरी के लिए बिजली निगम के मुख्यालय भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही इनको बनाने का काम शुरू होगा। सेक्टर-23 बिजलीघर से इन फीडर को खींचा जाएगा।
NEWS SOURCE : livehindustan
