
फरीदाबाद। नीलम रेलवे पुल की लेन का मरम्मत कार्य अंतिम चरण में है। 19 जनवरी को लेन पर आवागमन शुरू हो सकता है। इसका संकेत फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने दिया है। पुल के ऊपर सड़क के अधिकतर हिस्से की मरम्मत हो गई है। बुधवार तक सड़क की पूरी तरह से मरम्मत हो जाएगी। इसके बाद छुटपुट काम बचेगा जो बाकी दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा। बता दें नीलम पुल की लेन का मरम्मत कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। अधिकारियों ने यह काम 17 दिन में पूरा करने का दावा किया था लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
पूरा शहर है परेशान
लेन के मरम्मत कार्य में चल रही लेट-लतीफी के चलते रोज 50 हजार वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक जागरण ने समय-समय पर इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। एनआईटी से सबसे अहम कनेक्टिविटी वाले इस पुल की जर्जर परत उखाड़ने में ही 10 दिन लगा दिए थे। अधिकारी तरह-तरह का बहाना बनाते रहे।
इस तारीख से शुरू होगा आवागमन!
इतना ही नहीं पुल की लेन पर आवागमन बंद करने दो दिन बाद तो काम शुरू किया गया था। इसके बाद कुछ ही श्रमिक काम करते हुए दिखाई दिए। जल्द काम पूरा करने के लिए तो पुल पर दिन-रात काम चलना चाहिए था। अब उम्मीद है कि 19 या फिर 20 जनवरी को पुल की लेन पर आवागमन शुरू हो जाएगा।
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल की वजह से निर्माण सामग्री मिलने में दिक्कत हुई थी। इसलिए काम लेट शुरू हुआ। अब पूरा प्रयास है कि 19 या 20 से आवागमन शुरू करा देंगे। – रमेश बागड़ी, मुख्य अभियंता, एफएमडीए
NEWS SOURCE : jagran
