
Kangana Ranaut: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट अक्सर अपने बेबाक जवाब के लिए जानी जाती हैं। वह कई बार बॉलीवुड से लेकर राजनीति मुद्दों पर भी अपनी राय देते हुए नजर आती हैं। कई बार उनसे उनके फैंस राजनीति में शामिल होने की उनकी योजना के बारे में पूछ लेते हैं। अब हाल ही में एक इवेंट के दौरान उनसे यह पूछ लिया गया कि क्या वह देश की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखती हैं। ऐसे में कंगना ने क्या जवाब दिया चलिए जानते हैं।
प्रधानमंत्री बनना चाहती हैं कंगना?
इन दोनों बॉलीवुड की क्वीन अपनी आने वाली फिल्म ‘इमरजेंसी’ को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं, जो जल्द ही रिलीज हो सकती है। अलग-अलग शेड्स के कैरेक्टर करने वाली कंगना इस फिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाएंगी। इमरजेंसी फिल्म एक पॉलिटिकल ड्रामा है। फिल्म का निर्देशन भी कंगना ही कर रही हैं। फिल्म में श्रेयस तलपड़े, अनुपम खेर, महिमा चौधरी और पुपुल जयकर भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई दे सकते हैं।
अब हाल ही में कंगना रनोट अपकमिंग फिल्म Razakar: Silent Genocide Of Hyderabad के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में पहुंची थीं। इस इवेंट में एक्ट्रेस से पूछा गया कि क्या उनका देश की प्रधानमंत्री बनने के बारे में कोई प्लान है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘मैंने अभी-अभी ‘इमरजेंसी’ नाम की एक फिल्म बनाई है। उस फिल्म को देखने के बाद कोई भी मुझे प्रधानमंत्री के रूप में नहीं देखना चाहेगा’।
इमरजेंसी के प्रोमो में दिखा था धाकड़ अंदाज
बीते साल जून में ‘इमरजेंसी’ का प्रोमो जारी किया गया था, जिसमें इंदिरा गांधी बनीं कंगना रनोट का वॉइसओवर प्ले किया गया। कंगना रनोट ने बताया था कि इस फिल्म को बनाने के लिए उन्होंने अपनी प्रॉपर्टी भी गिरवी रखी थी। वह डेंगू से भी ग्रस्त हो गई थीं, लेकिन फिर भी उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग जारी रखी।
NEWS SOURCE : jagran
