
दिल्ली के साकेत स्थित एमिटी स्कूल में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूल को सोमवार सुबह करीब 9 बजे धमकी भरा मेल मिला। बम की सूचना पर स्कूल प्रशासन हरकत में आया। स्कूल परिसर को खाली कराया गया। बम स्क्वॉड और फायर की गाड़ी मौके पर पहुंची। मेल में कहा गया है कि 13 फरवरी को बम से उड़ा देंगे। इसके साथ ही पैसे भी मांगे गए हैं। पूरे स्कूल की चेकिंग की गई। अब तक कुछ नहीं मिला है। पुलिस टीम मौके पर है।
पहले भी स्कूल को मिल चुके हैं बम विस्फोट की धमकियां
इससे पहले 2 फरवरी को दिल्ली के आरके पुरम स्थित एक निजी स्कूल को बम विस्फोट की धमकी मिली थी। इसके बाद स्कूल परिसर को तत्काल खाली कराया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। आर के पुरम स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल को पिछले साल सितंबर में ईमेल कर किसी ने इसी प्रकार की धमकी दी थी, जो बाद में अफवाह निकली।
मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल को भी पिछले साल मई में इसी प्रकार का ईमेल मिला था। उस समय भी स्कूल में बम होने की बात अफवाह साबित हुई थी। सादिक नगर में इंडियन स्कूल को 12 अप्रैल, 2023 और नवंबर 2022 में बम विस्फोट की धमकी मिली थी, लेकिन ये दोनों धमकियां अफवाह निकलीं।
NEWS SOURCE : indiatv
