
बेंगलुरु: देश का आईटी हब कहा जाने वाले शहर बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां बेंगलुरु सिटी ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले पर कार्रवाई शुरू की है. ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर घर-घर जाकर 50,000 रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हैरान करने वाली बात यह है कि यहां एक शख्स ने 300 से ज्यादा बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक स्कूटर सवार ने 300 से ज्यादा बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया है. उस पर 3.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. पुलिस ने बताया कि जिन लोगों पर 50 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना बाकी है, पुलिस उनके घर जा रही है. दरअसल सुधामानगर निवासी वेंकटरमन के स्कूटर पर तीन सौ से अधिक यातायात उल्लंघन का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार एसआर नगर, विल्सन गार्डन के विभिन्न इलाकों में हेलमेट न पहनने, सिग्नल जंप करने, एक तरफ स्कूटर चलाने और गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करने के मामलों में पुलिस ने जुर्माना लगाया है.
वेंकटरमन ने कहा कि वह इस समय इतना जुर्माना नहीं भर सकते और पुलिस से स्कूटर ले जाने को कहा. उन्होंने कहा है कि स्कूटर ही 30 हजार की है और मैं इतने रकम का चालान नहीं भर सकता हूं. ट्रैफिक पुलिस वेंकटरमन के घर गई और उनसे 3.20 लाख रुपये का जुर्माना भरने को कहा है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि स्कूटर का इस्तेमाल न करें, जुर्माना भरें, अन्यथा मामला दर्ज किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन सवार को नोटिस जारी किया गया है l
NEWS SOURCE : news18
