
‘बवाल’, ‘रूही’ और ‘गुंजन सक्सेना’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रह चुकीं एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर जल्द ही तेलुगू सिनेमा में डेब्यू करेंगी। साउथ के सुपरस्टार एक्टर जूनियर एनटीआर के साथ आने जा रही उनकी फिल्म देवरा की पहली झलक देखने के लिए फैंस बेताब हैं। इसी बीच उनकी दूसरी तेलुगू फिल्म के फाइनल होने की भी खबर आ गई है। जानकारी के मुताबिक जाह्नवी कपूर RRR में जूनियर एनटीआर के को-स्टार रहे एक्टर राम चरण के साथ RC16 में काम करती नजर आएंगी। फिल्म की कहानी के बारे में अभी बहुत चीजें सीक्रेट रखी गई हैं लेकिन इसकी स्टार कास्ट और बाकी कुछ चीजें जरूर सामने आई हैं
मेकर्स को चाहिए थी ऐसी एक्ट्रेस
डायरेक्टर बुची बाबू सेना की इस फिल्म में जाह्नवी कपूर एक्टर राम चरण के साथ नजर आएंगी। TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “यह एक पैन इंडिया प्रोजेक्ट है और फिल्ममेकर्स एक ऐसी एक्ट्रेस को कास्ट करना चाहते थे जिसकी नेशनल रिकॉल वैल्यू हो। इस फीमेल रोल के लिए उनकी खोज जाह्नवी कपूर पर आकर रुकी है। एक्ट्रेस को भी स्क्रिप्ट पसंद आई है और वह फिल्म के लिए राजी हो गई हैं।”
कहां होगी इस फिल्म की शूटिंग?
खबर है कि RC16 एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म होगी जिसमें कन्नड़ एक्टर शिव राजकुमार अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया, “फिल्म की कहानी आंध्र प्रदेश के उत्तरांध्र में बेस्ड है और इसमें राम चरण और जाह्नवी कपूर की बिलकुल डिफरेंट साइड देखने को मिलेगी। फिल्म की शूटिंग विजयनगढ़म, श्रीकाकुलम, बोब्बिली, पर्वतीपुरम और राजम में होगी।” फिल्म को ग्राउंडेड और ऑथेन्टिक बनाने के लिए डायरेक्टर बुची बाबू उस इलाके के लोगों का ऑडीशन कर रहे हैं।
जाह्नवी कपूर के करियर का ग्राफ
फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि टीम फिल्म की शूटिंग मई में शुरू करने की प्लानिंग कर रही है। बात करें जाह्नवी कपूर के वर्क फ्रंट की तो दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी जाह्नवी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘धड़क’ के जरिए की थी। इसके बाद वह घोस्ट स्टोरीज, गुंजन सक्सेना, रूही, गुड लक जैरी और बवाल जैसी फिल्मों में नजर आईं। लेकिन एक्ट्रेस को अभी भी एक ब्लॉकबस्टर हिट का इंतजार है।
NEWS SOURCE : livehindustan
