
फरीदाबाद: समयपुर में रविवार शाम ट्यूशन नहीं पढ़ाने पर एक छात्र ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर शिक्षक पर लाठी-डंडों से हमला कर सिर फोड़ दिया। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी अन्य छात्रों को वहां पढ़ने पर अंजाम भुगतने की धमकी देता है। सेक्टर-58 थाना की पुलिस जांच में जुटी है। पीड़ित मुरारी सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह समयपुर में कोचिंग सेंटर चलाता है। नौंवी से 12वीं तक के एक सौ से अधिक छात्र पढ़ने आते हैं।
कुछ दिन पहले 12वीं का एक छात्र ट्यूशन पढ़ने आया था। वह अर्थशास्त्र का ट्यूशन पढ़ना चाह रहा था, लेकिन उन्होंने बताया कि वह विज्ञान से संबंधित छात्रों को ही ट्यूशन पढ़ाते हैं। इससे छात्र रंजिश रखने लगा। इसके बाद वह उसे जहां देखता, बदतमीजी करने के साथ कोचिंग सेंटर के पास आकर काफी देर तक बाइक हॉर्न बजाता है। विरोध करने पर मारपीट करता है। इसकी शिकायत सेक्टर-58 थाना में पहले दी जा चुकी है।
पीड़ित ने बताया कि रविवार शाम वह कोचिंग सेंटर से सेक्टर-58 थाना पहले दी हुई शिकायत में जांच की स्थिति जानने जा रहा था। तभी झाड़सेतली के पास आरोपी छात्र अपने आठ-दस दोस्तों के साथ मिलकर उसका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। लड़कों ने सिर पर लाठी-डंडों और लात-घूसों से कई वार किए। इसमें उसका सिर फट गया। घायलावस्था में उसे बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर सेक्टर-58 थाना में शिकायत दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिसकर्मी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया
पीड़ित मुरारी का आरोप है कि सिकोरना पुलिस चौकी में तैनात विक्रम नामक एक पुलिसकर्मी उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने 17 फरवरी को देर रात उसे दो बार पुलिस चौकी बुलाकर धमकाया। बात नहीं मानने पर जेल भेजने की बातें कहीं। सेक्टर-58 थाना के प्रभारी मामले की जांच करने की बात कह रहे हैं।
छात्रों को देता है धमकी
पीड़ित के अनुसार आरोपी छात्र अपने साथियों के साथ मिलकर कोचिंग सेंटर में पढ़ने आने वाले छात्रों को धमकाता है। उसके घर पर जाकर उसके यहां ट्यूशन नहीं पढ़ने की धमकी देता है। सेक्टर-58 थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अनुप सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
NEWS SOURCE : livehindustan
