
फरीदाबाद : न्याय मिलने में देर हो सकती है लेकिन अंधेर नहीं, इसलिए देश के लोग अदालतों को न्याय का मंदिर कहते हैं । यह विचार आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य धर्मवीर भड़ाना ने एक प्रेस वार्ता में व्यक्त किया । जून 2021 में खोरी में तोड़फोड़ मामले में फरीदाबाद की अदालत ने न्याय देते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता, उस समय के फरीदाबाद के जिला अध्यक्ष धर्मवीर भड़ाना सहित सभी नेताओं को बुधवार को बाइज्जत बरी कर दिया । अदालत के इस फैसले के बाद धर्मवीर भड़ाना के दफ्तर पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटा और खुशी जताई ।

इस मौके पर धर्मवीर भड़ाना ने केस की पैरवी करने वाले फरीदाबाद के वरिष्ठ वकील ओपी शर्मा, आम आदमी पार्टी के लीगल सेल के वकील दिनेश भारद्वाज का आभार जताते हुए कहा कि दोनों वकीलों ने केस लड़ने के लिए 1 रुपए भी नहीं लिए और निशुल्क मामले की पैरवी की । उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आगे भी गरीबों पर जुल्म बर्दाश्त नहीं करेगी और आवाज उठाती रहेगी ।
आम आदमी पार्टी के लीगल सेल के अधिवक्ता दिनेश भारद्वाज ने कहा कि इस केस में तमाम तारीखें पड़ी और जज साहब तैयब हुसैन ने पूरी तरह से मामले की तहकीकात की दोनो पक्षों को सुना और बुधवार को सभी आरोपियों को बरी कर दिया । उन्होंने बताया कि फरीदाबाद के खोरी गांव में कई हजार लोगों को उजाड़ा गया था । उनके पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की गई थी । इसके बाद आम आदमी पार्टी ने आवाज उठाई तो पार्टी के कई नेताओं पर मामला दर्ज करवा दिया गया था लेकिन अदालत से सभी को इंसाफ मिल गया है । इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता नरेश शर्मा, जिला सचिव मेहरचंद हरसाना, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा खास रूप से मौजूद थे ।
