
फरीदाबाद: स्मार्ट सिटी में खराब ट्रैफिक सिग्नल और यातायात व्यवस्था ने तीन लाख से अधिक वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। लोगों को हर रोज 10 से अधिक स्थानों पर जाम का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को भी ऐसा ही हाल रहा। लोगों का कहना है कि जाम में एंबुलेंस के फंसे रहने से मरीजों और उनके तीमारदारों की भी सांसें अटकी रहती है। सड़क सुरक्षा से जुड़े जानकारों का कहना है कि स्मार्ट सिटी को औद्योगिक नगरी के रूप में जाना जाता है। यहां 25 हजार से अधिक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाई है। उनमें करीब आठ लाख से अधिक कामगार कार्यरत हैं।
सड़क सुरक्षा से जुड़े जानकारों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के अभाव में शहर स्थित औद्योगिक इकाई, सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों में कार्यरत कामगार अपनी निजी वाहन से आवागमन करते हैं। इससे शहर के अधिकांश सड़कों पर व्यस्त समय में वाहनों का दबाव अधिक रहता है। लेकिन अधिकतर सड़कों पर ट्रैफिक सिग्नल के खराब होने से इनकी परेशानी दोगुनी हो जा रही है। उन्हें जगह-जगह जाम का सामना करना पड़ रहा है। इससे परेशानी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार को दिल्ली-आगरा हाईवे स्थित फरीदाबाद की ओर बदरपुर बॉर्डर, सराय ख्वाजा, एनएचपीसी, बड़खल, ओल्ड फरीदाबाद, रेलवे रोड, अजरौंदा के अलावा गुप्ता होटल चौक, बस अड्डा मार्केट, मुख्य बाजार, आदर्श सब्जी मंडी में जाम लगने से वाहनों की कतार लग रही है।
NEWS SOURCE : livehindustan
