
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 12वीं कक्षा की एक छात्रा से ट्यूशन जाते समय 25 वर्षीय पड़ोसी ने रेप किया। बताया जा रहा है कि पीड़िता के बोर्ड एग्जाम चल रहे हैं। आरोपी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर वारदात को अंजाम दिया और जब इसका विरोध किया गया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता बुरी तरीके से सहमी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 29 फरवरी को हुई घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे बुधवार को शाहबेरी फर्नीचर बाजार से गिरफ्तार किया गया।
डर के साए में पीड़िता
लड़की के पिता ने शिकायत में कहा, “मेरी बेटी ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रही थी तभी आरोपी ने बहला-फुसलाकर उससे बात की। फिर उसने उसे नशीला पदार्थ खिलाया जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद वह उसे एक फ्लैट में ले गया, जहां उसने उसके साथ जबरदस्ती की।” शिकायत के मुताबिक पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। अब पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर बिसरख थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्थानीय बिसरख पुलिस स्टेशन को मंगलवार को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद बलात्कार समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा, ”आरोपी उस्मान सैफी को एक गुप्त सूचना के बाद बुधवार को नोएडा एक्सटेंशन के शाहबेरी इलाके में फर्नीचर बाजार से पकड़ लिया गया।” उन्होंने कहा कि मामले में कानूनी कार्यवाही जारी है।
NEWS SOURCE : indiatv
