
हरियाणा के रेवाड़ी में एक बड़े किसान परिवार में पहला लड़का होने पर उसके दादा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने घर पर मंगल गीत गाने के लिए आए किन्नरों को 100 गज का प्लॉट ही तोहफे में दे दिया। नवजात बच्चे के दादा शमशेर सिंह ने परिवार के सदस्यों की सहमति से यह कदम उठाया। नवजात बच्चे के दादा बड़े किसान हैं और बच्चे के पिता प्रवीन वकालत करते हैं।
दरअसल, किसान शमशेर के परिवार में पहला बेटा हुआ है जिससे उनके परिवार में अत्यधिक खुशी का माहौल है। नवजात की दादी सरला देवी कहती हैं कि हमने पोता होने पर पहले ही किन्नरों को प्लॉट देने का मन बनाया था। नवजात के पिता प्रवीन का कहना है कि किन्नरों के पास आय का अन्य कोई स्त्रोत नहीं होता इसलिए यह छोटी सी भेंट देने का प्रयास किया गया है। शमशेर के परिवार के सदस्यों की इस पहल की पूरे इलाके में चर्चा है।
शुक्रवार को बेटे का जन्म होने की सूचना पर किन्नर हुमा अपने साथियों के साथ मंगल गीत गाते हुए शमशेर सिंह के घर पहुंची थीं। वह मंगल गीत गाने और नृत्य के बाद जाने लगी तो शमशेर ने उनको 100 गज का प्लॉट देने की घोषणा की, प्लॉट की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। किन्नर हुमा और उनके साथियों को भी इसका अंदाजा नहीं था कि कोई खुशी में उनको प्लॉट दे देगा।
NEWS SOURCE : jagran
