
यूपी के संभल जिले की चंदौसी की रहने वाली नाबालिग मॉडल को लिफ्ट देकर गाजियाबाद के तीन युवकों ने चलती कार में गैंगरेप किया। पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में कोल्डड्रिंक में नशा देकर बेहोश करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी युवक पीड़िता को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल में छोड़कर भाग गए। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर पॉक्सो और एससीएसटी एक्ट भी लगाई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है
जिला संभल के चंदौसी थाना क्षेत्र के गांव निवासी 17 साल की किशोरी 11वीं पास है। किशोरी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह मॉडलिंग करती है। किशोरी 5 अप्रैल को जयपुर में आयोजित मॉडलिंग इवेंट में शामिल होने गई थी। वहां इवेंट में भाग लेने के बाद छह अप्रैल को घर वापसी के लिए बस से धौलकुआं पहुंची। वह मेट्रो स्टेशन के बाहर मुरादाबाद जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। पीड़िता के अनुसार उसी समय गाजियाबाद के वेब सिटी थाना क्षेत्र के लालकुआं निवासी भरत सिंह अपने साथी गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना के लाल क्वार्टर निवासी अनिल और पुराना बस अड्डा मालीवाड़ा निवासी सोनू कार लेकर वहां आ गया। पीड़िता के अनुसार वह भरत को जानती थी, क्योंकि उसने पहले भी पीड़िता का फोटोशूट कराया था। कार रोकते ही भरत ने पीड़िता से पूछा कहां जा रही है तो उसने मुरादाबाद जाने के लिए बस का इंतजार करने की बात बताई। इस पर आरोपियों ने कहा कि वह भी मुरादाबाद जा रहे हैं और उसे छोड़ देंगे।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों के कहने पर वह कार में बैठ गई। वहां से निकलने के बाद आरोपियों ने एक होटल से खाना और कोल्डड्रिंक लिया। कार में ही पीड़िता ने कोल्डड्रिंक पी। इसके बाद उसे नशा होने लगा। उस समय आरोपी सोनू कार चला रहा था। पीड़िता के अनुसार आरोपी भरत और अनिल ने चलती कार में उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। जब पीड़िता को कुछ होश आया तो सड़क किनारे एक पेट्रोल पंप पर कार रुकवा कर बहाने से वाशरूम में गई और वहां से 112 पर कॉल कर दिया। बाद में कार में आकर वापस बैठ गई। पीड़िता का आरोप है कि बाद में तीनों आरोपी उसे लेकर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में ले गए। वहां आरोपियों ने पहले से ही कमरा बुक कर रखा था। होटल में पीड़िता को छोड़कर तीनों आरोपी भाग निकले। इसके कुछ देर बाद पुलिस वहां पहुंच गई थी। बाद में पीड़िता ने अपने माता-पिता को भी बुला लिया और उनके साथ कोतवाली थाने पर पहुंच कर तहरीर दी। इसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
इस मामले में एसएसपी हेमराज मीणा ने बताया कि किशोरी ने गाजियाबाद के तीन युवकों पर कार में लिफ्ट देकर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
NEWS SOURCE : livehindustan
