
रेवाड़ी: शहर के बावल रोड स्थित बिठवाना की सब्जी मंडी के समीप रविवार दोपहर बाद एक पुलिस कर्मी द्वारा शराब पीकर गुंडागर्दी करने के मामला सामने आया है। जिले में एक ओर जहां पुलिस आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय जैसा माहौल बनाने में जुटी हुई है। वहीं, भिवानी जिला पुलिस में तैनात पुलिस कर्मचारी रेवाड़ी जिला में अपने पद का गलत इस्तेमाल करने से बाज नहीं आया। वर्दी पहने हुए पुलिस कर्मी ने शराब पी रखी थी। तेजी से कार चला रहे पुलिस कर्मी ने कई वाहनों मे अपनी कार से टक्कर मारी तो लोगों ने उसे रोका तो वर्दी का रौब दिखा हवालात दिखाने की धमकी दी। जिसके बाद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को काल कर वीडियो बना इंटरनेट पर शहर के कई ग्रुपों पर प्रसारित कर दिया।
हाथ जोड़ मांगने लगा माफी
यह बात जब पुलिस कर्मी को पता चली तो उसने हाथ जोड़ कर माफी मांगनी शुरू कर दी। बीस मिनट बाद ही माडल टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी। पुलिस कर्मी को मेडिकल कराने के लिए जिला नागरिक अस्पताल लाया गया है। मॉडल टाउन थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस कर्मचारी भिवानी जिले में तैनात है। उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।
NEWS SOURCE: jagran
