
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार रात को भजनपुरा में रोड शो किया। उन्होंने उत्तर पूर्वी लाेकसभा क्षेत्र से आई. एन. डी. आई. ए के कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार के समर्थन में रोड शो किया। केजरीवाल ने जय श्रीराम और बजरंग बली के जयकारे लगाते हुए कहा कि अच्छे दिन आने वाले हैं और मोदी जाने वाले हैं। दिल्ली के सीएम ने कहा कि चार जून को देश में आईएनडीआई गठबंधन सरकार बनने जा रही है। मोदी देश के राजा हैं औ देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से बहुत परेशान है। देश के प्रधानमंत्री दिल्ली वालों की फ्री बिजली व इलाज, मोहल्ला क्लीनिक, स्कूल बंद करना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने मुझे जेल में डाल दिया।
रोड शो के दौरान केजरीवाल ने कहा कि उनके ऊपर बजरंग बली की कृपा है। बजरंग बली ने चमत्कार किया, मोदी ने तो पूरी कोशिश की मुझे अंदर रखने की। मेरी छोटी सी मेरी पार्टी है और दिल्ली-पंजाब में सरकार है। प्रधानमंत्री तो शक्तिशाली हैं। पूरे देश के राजा हैं, फिर उन्होंने मुझे जेल क्यों भेजा। क्योंकि वह दिल्ली के काम रोकना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिलाएं परेशान न हो, जल्द ही सरकार उन्हें एक हजार रुपये देने शुरू करेगी। महिलाएं सोच रही थी, केजरीवाल तो जेल चला गया अब कौन देगा एक हजार रुपये। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अभी जिंदा है और वह महिलाओं को योजना का लाभ देकर ही रहेगा। केंद्र सरकार आप नेताओं को झूठे केसों में फंसवा रही है, सच्चाई जनता को पता है।
NEWS SOURCE : jagran
