
गुरुग्राम: साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर गुरुग्राम के सेक्टर 10 निवासी रिटायर्ड इंजीनियर से 41 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना वेस्ट पुलिस ने बुधवार को केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर 10 निवासी सुमित कुमार मलिक ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में कहा कि बीते दिनों उन्होंने इंटरनेट पर एक विज्ञापन देखा। इसमें शेयर बाजार में निवेश कर आनलाइन ट्रेडिंग कर लाभ कमाने के लिए बताया गया था। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके वाट्सएप पर एक लिंक भेज दिया गया।
रिटायर्ड इंजीनियर के मोबाइल में एक शेयर खरीदने वाला एप डाउनलोड कराया। इसके बाद उनसे शेयर खरीदने के लिए कहा। शुरुआत में उन्होंने कुछ रुपये जमा कर शेयर खरीदे। इस पर उनके एप में लाभ दिखाया गया था।
सिक्योरिटी मनी के नाम पर लाखों रुपए जमा कराए
साइबर ठगों ने सिक्योरिटी मनी व कई अन्य माध्यमों से सुमित से 41 लाख 20 हजार रुपये जमा करा लिए। रुपए ना निकल पाने पर उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ। साइबर पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
NEWS SOURCE : jagran
