
Haryana Lok Sabha Election: हरियाणा की दस लोकसभा सीटों पर मतदान 25 मई को संपन्न हो चुका है। आज लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान भी हो गया। जिसके बाद शाम साढ़े छह बजे एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हुए। एग्जिट पोल के सर्वे बताते हैं कि आप-कांग्रेस गठबंधन को भी इस बार सीटें मिल रही हैं। मगर सबसे ज्यादा निराशा भरी खबर जजपा और इनेलो के लिए हैं। एग्जिट पोल सर्वे के मुताबिक जननायक जनता पार्टी और इंडियन नेशनल लोक दल को प्रदेश से एक भी सीट नहीं मिली। हरियाणा में भाजपा ने जहां पिछले लोक चुनाव में दस की दस सीटें जीती थीं। वहीं अबकी आम चुनाव में भाजपा का क्लीन स्वीप का ख्वाब अधूरा सा नजर आ रहा है

क्या जजपा खो रही अपना अस्तित्व?
ऐसे में सवाल है कि क्या दुष्यंत की जजपा पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं? इसका फैसला तो खैर आने वाली चार तारीख को हो ही जाएगा। मगर एग्जिट पोल अगर सही साबित हुए तो जननायक जनता पार्टी (JJP) हरियाणा में सिकुड़ती नजर आ सकती है। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के लिए ये चुनाव परीक्षा की घड़ी है। क्योंकि प्रदेश में दस में से पांच विधायक बागी हो चुके हैं तो संगठन भी बिखर चुका है। मौजूदा समय में हरियाणा में इनेलो और जजपा ही दो क्षेत्रीय दल हैं, जो अब अस्तित्व बचाए रखने के लिए जूझ रहे हैं।
दरअसल किसी भी सियासी दल को लगातार दो चुनाव (लोकसभा और विधानसभा) में निर्धारित वोट नहीं मिलने पर क्षेत्रीय पार्टी का दर्जा छिन जाता है। लोकसभा चुनाव में छह प्रतिशत वोट और एक सीट या विधानसभा में छह प्रतिशत वोट और दो सीटें होनी चाहिए। अगर लगातार दो चुनाव में ये साबित नहीं होता तो पार्टी का चुनावी सिंबल छिन सकता है।
NEWS SOURCE : jagran
