
Haryana Voter: हरियाणा में अक्टूबर में 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इसी के चलते मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी तैयारी में जुट गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संशोधित मतदाता सूची (Haryana Voter list) की तैयारियों को लेकर 27, 28 जुलाई, 3 और 4 अगस्त को विशेष तारीख निर्धारित की हैं। इस दिन बीएलओ पोलिंग स्टेशनों पर मौजूद रहेंगे और लोगों के वोट बनाने का काम करेंगे। वहीं बूथ लेवल एजेंट भी बीएलओ के साथ संपर्क में रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया, 25 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूचियों का प्रकाशन होगा और 9 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दी जा सकती हैं। अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन 20 अगस्त, 2024 को होगा।
सोमवार को उन्होंने आगामी विधानसभा आम चुनावों के मद्देनजर माध्यमिक शिक्षा, उच्चतर शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, श्रम, महिला एवं बाल विकास और सेवा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पंचकूला में प्रवासी श्रमिकों की संख्या ज्यादा है। वहां पर श्रम विभाग वोट बनवाने या पता बदलने के लिए अभियान चलाए।
ऐसे बना सकते हैं वोटर अपना वोट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल का कहना है कि वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप के माध्यम से भी नागरिक अपना वोट बनवा सकते हैं। इसके अलावा, 1950 पर कॉल करके भी वोट बनवाने के बारे जानकारी ली जा सकती है।
NEWS SOURCE Credit : chopaltv.com
