हिसार के बालसमंद में भाजपा नेत्री और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट ने एक मार्केट कमेटी के कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सोनाली फोगाट कर्मचारी को कह रही हैं कि तेरी हिम्मत कैसे हुई ऐसे बोलने की। तेरे घर में मां-बहन नहीं हैं क्या? विवाद एक शेड बनाने को लेकर था। किसानों का मुद्दा लेकर सोनाली फोगाट गई थी, जिसके बाद वहां विवाद हुआ। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। अभी पुलिस कार्रवाई जारी है।
वायरल वीडियो में ये आ रहा नजर
वायरल हो रहा वीडियो शुक्रवार दोपहर का है। बालसमंद अस्थाई मंडी में खड़े किसी शख्स ने इसे बनाया है। इसमें सोनाली फोगाट ने मार्केट कमेटी के कर्मचारी को कह रही हैं कि आपको जितने थप्पड़ मारे जाएं,उतने कम हैं। इतना कहकर सोनाली फोगाट ने कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। सेक्रेटरी बैठे-बैठे गिड़गड़ाता रहा। वह रोने लगा।
