बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती जल्द ही इनेलो में शामिल हो सकते हैं। आज चंडीगढ़ में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला से प्रकाश भारती और उनके साथियों ने मुलाकात की। इससे पहले आज बादली से पूर्व विधायक रहे नरेश शर्मा इनेलो में शामिल हुए थे। इनेलो नेता अभय चौटाला ने भाजपा, कांग्रेस और जजपा के कई नेताओं को संपर्क में होने का भी दावा किया है।
अभय चौटाला ने इस दौरान किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार को भी जमकर घेरा। अभय चौटाला ने कहा कि किसानों के साथ लॉकडाउन में सरकार ज्यादती कर रही है। किसानों की फसलें मंडियों में पड़ी रहती है और सरकार को किसानों की कतई चिंता नहीं होती है। अभय चौटाला ने सरकार पर धान घोटाले को लेकर एक बार फिर घेरने की कोशिश की है।
इनेलो नेता ने बताया कि सरकार द्वारा किसानों को आज भी लूटा जा रहा है, चने की खरीद नहीं हो रही, 20 हजार किसानों की सरसों घर पर पड़ी है व कागजों में 100 प्रतिशत गेहूं की अदायगी दिखा दी और असल में भुगतान अभी तक भी नहीं किया गया है। सरकार की ओपन मार्केट योजना किसानों के लिए संकट खड़ा कर रही है। आज भी पानीपत और करनाल का किसान जिसने यूपी में गन्ना डाला था, उनका सैकड़ों करोड़ बकाया रुपया फंसा पड़ा है। यही हालत आने वाले वक्त में धान में भी होगी। सरकार ने एमएसपी से बचने के लिए यह ओपन मार्केट योजना शुरू की है।
पत्रकारों द्वारा घरवापसी के सवाल का जवाब देते हुए इनेलो नेता ने बताया कि चौधरी देवी लाल की विचार धारा में लोगों ने अपना विश्वास व्यक्त करना शुरू कर दिया है जो किसी वजह से हमसे अलग हो गए थे और जो किसी गलतफहमी का शिकार होकर दूसरी पार्टी के लिए काम कर रहे थे आज वो लोग फिर ये जुडऩा शुरू हो गए हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को भी जजपा के दो राज्यस्तरीय पदाधिकारियों ने अपने साथियों सहित इनेलो में अपनी आस्था जताई।
इनेलो नेता ने बताया कि आने वाले समय में इनेलो लोगों का विश्वास जीतने का काम करेगी और आने वाले समय में ऐसे हालात होंगे कि सभी लोग घरवापसी करेंगे और नए लोग हमारे साथ आएंगे, जिनकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। बरोदा उप-चुनाव पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए इनेलो नेता ने कहा कि उप-चुनाव के नतीजे आपकी कलम को यह लिखने पर मजबूर कर देगी कि असली विपक्ष इनेलो है। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश सरकार को सरकार नहीं जुगाड़ मानता हूं और जुगाड़ ज्यादा दिन नहीं चल सकता। अगर कोई इस जुगाड़ से छुटकारा दिला सकता है तो वो केवलमात्र इनेलो ही है। उन्होंने बताया कि वो उप-चुनाव में लड़ेंगे, अपना उम्मीदवार खड़ा करेंगे और अपने उम्मीदवार के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे।
