
Girl Molested on Delhi Metro: भारत घूमने आई एक अमेरिकी लड़की को दिल्ली मेट्रो में यौन शोषण का शिकार होना पड़ा। यह यौन शोषण किसी बालिग ने नहीं, बल्कि एक नाबालिग लड़के ने अपनी मां और बहन के सामने किया। इसमें भी सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि लड़की के विरोध पर लड़के की मां और बहन ने किशोर का पक्ष लेते हुए उल्टा उसे ही दोषी ठहरा दिया। इस दौरान लड़के की मां ने जो कहा वो आपको और हैरान करेगा। यौन शोषण का विरोध करते हुए लड़की ने जब किशोर का कॉलर पकड़ लिया तो किशोर की मां ने कहा कि ज्यादा गोरी और भूरे बाल वाली लड़की ने पहले कभी नहीं देखी थी। इसलिए वह बहक गया है। दिल्ली मेट्रो की यह घटना लड़की ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताई है।
पहले जानिए दिल्ली मेट्रो में अमेरिकी लड़की के साथ क्या हुआ?
दिल्ली मेट्रो में सफर के दौरान अपने साथ हुई बदसुलूकी की जानकारी लड़की ने सबसे पहले भारतीय मूल के अपने प्रोफेसर को दी। दरअसल, दिल्ली मेट्रो में यौन शोषण का शिकार होने वाली लड़की अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित स्टीवन्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की छात्रा है। इसी इंस्टीट्यूट में भारतीय मूल के प्रोफेसर गौरव सबनीस पढ़ाते हैं। उन्हें लड़की ने बताया “दिल्ली मेट्रो में एक 15-16 साल के लड़के ने उसके साथ फोटो लेने का निवेदन किया। पहले तो उसने मना कर दिया, लेकिन किशोर के साथ उसकी बहन और मां को देखकर उसने हामी भर दी। इसके बाद लड़के ने पहले उसके कंधे पर हाथ रखा। यह उसे थोड़ा असहज कर गया, लेकिन उसने विरोध नहीं किया।
लड़की की बात सुनकर हैरान रह गए प्रोफेसर
लड़की ने अपने प्रोफेसर को आगे बताया “पहले तो लड़के ने मेरे कंधे पर हाथ रखकर दबाया। इसके बाद उसने सीधे मेरे ब्रेस्ट को मजबूती के साथ पकड़ लिया और नितंबों पर थप्पड़ मारा। इसके बाद हंसने लगा, जैसे उसने कोई मजाक किया हो।” भारतीय मूल के प्रोफेसर सबनीस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ये जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि वह पहले ही लड़की को सचेत कर चुके थे, लेकिन लड़की ने उनकी बातों को हवा-हवाई मानते हुए खारिज कर दिया। जब लड़की के साथ ये शर्मनाक घटना मेट्रो में हो गई तो उसे इसका अहसास हुआ और उसने उन्हें पूरी बात बताई।
भारतीय मूल के प्रोफेसर ने क्या बताया?
अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित स्टीवन्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलजी में तैनात भारतीय मूल के प्रोफेसर गौरव सबनीस ने सोशल मीडिया पर बताया कि नवंबर में उनकी पूर्व छात्रा उनके पास आई थी। उसने उन्हें बताया कि वह भारत घूमने जा रही है, जहां एक दोस्त की शादी में शामिल होगी। इसपर प्रोफेसर ने उसे छेड़छाड़ और यौन शोषण जैसी घटनाओं पर आगाह करते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा था। सबनीस कहते हैं “मैं जानता था कि सुनहरे बालों वाली अमेरिकी लड़की को देखकर लोग ऐसा कर सकते हैं और दुर्भाग्य से उसके साथ दिल्ली मेट्रो में ऐसा हो गया।”
NEWS SOURCE Credit :patrika
