नई दिल्ली – केंद्रीय कैबिनेट की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक नई दिल्ली के 7 लोक कल्याण मार्ग (7, Lok Kalyan Marg) स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर जारी है। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई मंत्री मौजूद थे। संभावना जताई जा रही है कि इस कैबिनेट की बैठक के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है। कैबिनेट की बैठक में शामिल होने वाले तमाम सदस्य शारीरिक दूरी व फेस मास्क के नियमों का पालन करते दिखे।
आज की कैबिनेट बैठक में EPF को लेकर अहम फैसले की सभावना जताई जा रही है साथ ही कृषि क्षेत्र में 1 लाख रुपये के फंड पर भी सहमति जताई जा सकती है। साथ ही गरीब कल्याण अन्न योजना को नवंबर तक जारी करने को लेकर कैबिनेट की मुहर लग सकती है।
इससे पहले कैबिनेट ने बैठक में कई अहम फैसले लिए थे। पिछली बैठक में रिजर्व बैंक के अंतर्गत 1,482 कोऑपरेटिव बैंकों समेत सभी सरकारी बैंकों को लाने की बात हुई थी। कैबिनेट ने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के तौर पर उत्तर प्रदेश के कुशीनगर (Kushinagar) एयरपोर्ट की घोषणा की थी। इसके अलावा सरकार ने मुद्रा ऋण योजना के तहत दिए जाने वाले शिशु ऋण पर ब्याज में छूट के साथ ओबीसी कमीशन की अवधि को भी आगे बढ़ाने का ऐलान किया।
बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों के बारे में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर (Prakash Javdekar) और नरेंद्र सिंह तोमर शाम 3.30 बजे नेशनल मीडिया सेंटर में ब्रीफिंग देंगे।
