हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने बताया कि प्रदेश के 28 लाख 82 हजार लाभार्थियों को विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा एवं निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, लाडली सामाजिक सुरक्षा भत्ता, किन्नर भत्ता और बौना भत्ता योजना के लाभार्थियों को अब 2250 रुपये प्रति माह मिल रहे है। निराश्रित बच्चों को वित्तीय सहायता योजना में 1350 रुपये व स्कूल न जाने वाले दिव्यांग बच्चों को वित्तीय सहायता योजना में 1,650 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं।
राज्य मंत्री ने बताया कि पेंशन योजनाओं के अतिरिक्त विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण हेतू राजकीय अन्ध विद्यालय पानीपत में दिव्यांग बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के साथ ही पानीपत के प्रौढ़ नेत्रहीन प्रशिक्षण केन्द्र में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर कैंप लगाकर लोगों को जागरूक करने का काम भी किया जा रहा है, ताकि उनसे सम्बंधित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकें।
