फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्र ] हरियाणा के फरीदाबाद जिले में कोविड-19 के डेल्टा प्लस वेरिएंट का मरीज मिलने के बाद से स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो चुका है। बल्लभगढ़ के जिस सेक्टर में संबंधित बीमारी से संक्रमित मरीज की रिपोर्ट आई है, उस सेक्टर में रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर जाकर सर्वे किया। इस सर्वे में टीम ने खांसी, जुकाम, बुखार होने की जानकारी ली। इसके अलावा सर्वे करने वाली टीम ने पूरे सेक्टर में यह भी पता किया कि किस-किस घर में कितने लोगों को वैक्सीन लगी है।
सुखद : कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं
फरीदाबाद जिले में रविवार को कोरोना के तीन नए मरीज मिले, जबकि 11 लोगों कोरोना संक्रमण से ठीक हो गए। राहत की बात तो यह है कि कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 99 हजार 707 हो गई है। इनमें से 98 हजार 905 मरीज ठीक हो चुके हैं।
अभी तक जिले में 716 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केसों की संख्या 86 है। इनमें से 46 अस्पतालों में दाखिल हैं, जबकि 40 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिले में 18 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जबकि एक मरीज वेंटिलेटर पर हैं। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रामभगत ने बताया कि कोरोना का रिकवरी रेट 99.2 प्रतिशत है, जबकि एक्टिव केस रेट 0.1 प्रतिशत है। रविवार को 1249 सैंपल लिए गए हैं और अभी 758 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
