
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आने वाले हरियाणा के दो शहर फरीदाबाद और गुरुग्राम की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। हिंसा, दंगे और आतंकी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए दोनों जिलों में स्वाट कमांडो दस्ते की 13 टीमों के साथ ही डॉग स्क्वायड की तैनाती की जाएगी। स्वाट कमांडो दस्ते की यह टीमें अत्याधुनिक हथियारों और तकनीक से लैस होगी।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर के आदेश पर फरीदाबाद जिले में आठ स्पेशल वेपंस एंड टैक्टिस (स्वाट) टीम की तैनाती होगी। इससे शहर में दंगा, आतंकी घटना आदि की आशंकाओं पर आसानी से विराम लगाया जाएगा और बड़ी रैली, मेला आदि के आयोजन पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। दरअसल, हाल ही में डीजीपी ने मोगीनंद पुलिस लाइन में प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली थी। इस दौरान उन्होंने महिला थानाओं में क्रेच खोलने की योजना के साथ प्रदेश को अपराध मुक्त करने की चर्चा की। साथ ही सड़क सुरक्षा पर अधिकारियों को कई निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीजीपी ने कहा कि सड़कों पर सुधार कार्य किया जा रहा है। भारतीय सड़क और राजमार्ग प्रवर्तन निदेशालय (आईआरईडी) के सहयोग से ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर, वहां पर सुधार कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अवैध लाल, नीली बत्ती और सायरन चलाने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे वाहनों को चिन्हित किया जाए और ऐसे वाहनों के रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाए। बैठक में स्कूल-कॉलेज के आसपास पुलिस की गश्त बढ़ाने के साथ स्वाट टीम की तैनाती पर मंथन किया गया।
निगम की हजारों स्ट्रीट लाइटें बंद, अंधेरे में मनाई जाएगी इस बार दिवाली
पांच टीम गुरुग्राम को भी मिलीं
बैठक में डीजीपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्थ को मजबूत करने के लिए प्रदेश के अधिकांश जिलों में 53 स्वाट टीमें लगाई जाएंगी। इनमें से चार-चार टीम फरीदाबाद, पांच टीम गुरुग्राम, सोनीपत तथा पंचकूला, हांसी, दादरी, सिरसा तथा डबवाली में करीब एक-एक टीम लगाई जाएगी। बाकी बचे जिलों में दो- दो टीमों को नियुक्त किया जाएगा।
प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड भी दस्ते में शामिल
जानकारी के अनुसार, स्वाट टीम में तैनात पुलिस कर्मी अत्याधुनिक हथियारों से लैस रहते हैं। उनके पास आधुनिक सुविधाएं होती हैं। प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड भी टीम के साथ रहता है। साथ ही एक टीम में 40 साल से कम उम्र के एक इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी समेत आठ से 10 पुलिस कर्मियों की तैनाती होती है। सभी की फिटनेस अच्छी रहती है। उनमें 10 से 14 सेकेंड के अंदर करीब 100 मीटर दौड़ने की क्षमता रहती है। इस कारण वे बड़ी रैली, मेला आदि के आयोजन पर हर समय किसी भी परिस्थिति से निपटने की क्षमता रखते हैं।
NEWS SOURCE :livehindustan
