
हरियाणा भाजपा के दिग्गज नेता शुक्रवार को यानी आज मिशन 2024 (Lok Sabha Election 2024) की रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके लिए पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी के प्रमुख दिग्गज नेताओं की बैठक बुलाई गई है।
नायब सैनी के अध्यक्ष बनने के बाद प्रमुख नेताओं की पहली बैठक
सांसद नायब सिंह सैनी (Naib Saini) के हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के प्रमुख नेताओं की यह पहली बैठक हो रही है, जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल (CM Manohar Lal) और पार्टी के प्रभारी बिप्लब कुमार देब भी शामिल होंगे। इसके अलावा, हरियाणा मंत्रिमंडल की 28 नवंबर को होने वाली बैठक अब 27 नवंबर को शाम चार बजे कर दी गई है।
27 नवंबर को क्यों हो रही हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक?
हरियाणा के परिवहन और उच्च शिक्षा मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा के परिवार में 29 नवंबर को मांगलिक कार्य है। बताया जाता है कि इसी वजह से राज्य मंत्रिमंडल की 28 नवंबर को होने वाली बैठक की तारीख में बदलाव हुआ है।
.jpg)
मंत्रिमंडल के अधिकतर सदस्यों व अधिकारियों के मूलचंद शर्मा के बल्लभगढ़ स्थित निवास पर कार्यक्रम में शामिल होने जाने की संभावना है। उनके भतीजे के सगाई समारोह में राज्य के प्रमुख नेता शामिल होंगे, जिस कारण मंत्रिमंडल की बैठक अब 27 नवंबर को शाम चार बजे बुलाई गई है।
हरियाणा भाजपा बैठक में ये लोग होंगे शामिल
शुक्रवार को यानी आज होने वाली हरियाणा भाजपा की बैठक में केंद्रीय मंत्रियों, राज्य सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, 2019 का विधानसभा चुनाव लड़े प्रत्याशियों, जिला प्रभारियों व जिला अध्यक्षों के साथ ही प्रमुख लोगों को बुलाया गया है, ताकि भाजपा संगठन व सरकार के बीच समन्वय को बढ़ाने के साथ ही साल 2024 में होने वाले लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जा सके।
अध्यक्ष बनने के बाद पूरे प्रदेश का नायब सैनी ने किया दौरा
बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद नायब सैनी ने पूरे प्रदेश का दौरा किया है। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका अभिनंदन किया। जिला स्तरीय दौरे पूरे होने के बाद नायब सैनी ने संगठन की पहली बड़ी बैठक बुलाई है। नायब सैनी की इस बैठक को प्रदेश के प्रमुख नेताओं के साथ समन्यवक बनाकर चलने की रणनीति से भी जोड़कर देखा ज रहा है।
NEWS SOURCE : jagran
