
Nitish Kumar News: बिहार में एक बार फिर से नीतीश कुमार की जेडीयू और बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। रविवार सुबह राजभवन पहुंचकर नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। आज शाम को ही वे सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। इस सरकार को 128 विधायकों का समर्थन हासिल है, जबकि सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 122 का है। नीतीश की नई सरकार में बीजेपी की ओर से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। दोनों के नामों के साथ ही बीजेपी ने एक बार फिर से चौंकाया है, क्योंकि पहले संभावना जताई जा रही थी कि रेणु देवी, तारकिशोर या सुशील मोदी में से किन्हीं दो को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। हालांकि, अब यह जिम्मेदारी सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को मिलने जा रही है।
कौन हैं सम्राट चौधरी, जिन्हें मिलेगी डिप्टी सीएम की कमान
राकेश कुमार उर्फ सम्राट चौधरी को बीजेपी ने बिहार की कमान पिछले साल सौंपी थी। कोइरी समाज से आने वाले सम्राट चौधरी 27 मार्च, 2023 को बिहार बीजेपी अध्यक्ष बनाए गए थे। इस समय वे बीजेपी की ओर से एमएलसी हैं। वे छह साल पहले बीजेपी में शामिल हुए। साल 2014 में सम्राट ने 13 विधायकों को पार्टी से अलग करके आरजेडी में टूट की योजना भी बनाई थी। वे आरजेडी सरकार में साल 1999 में राबड़ी सरकार में कृषि मंत्री भी रह चुके हैं। साल 1990 में चौधरी एक्टिव पॉलिटिक्स में आए और फिर 2000 और 2010 में वे परबत्ता विधानसभा से विधायक भी बनते रहे। बीजेपी में शामिल होने से पहले सम्राट न सिर्फ आरजेडी में रहे, बल्कि जनता दल यूनाइटेड का भी हिस्सा रहे हैं। साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने सम्राट को स्टार कैंपेनर भी नियुक्त किया था।
कौन हैं विजय कुमार सिन्हा?
विजय कुमार सिन्हा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। बीजेपी नेता विजय सिन्हा साल 2010 से लखीसराय विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह 25 नवंबर 2020 से 24 अगस्त 2022 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष थे। विजय सिन्हा ने महागठबंधन सरकार द्वारा उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। 54 साल के विजय सिन्हा भूमिहार जाति से आते हैं। वे लखीसराय से साल 2020 में लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए। सिन्हा बिहार सरकार में अतीत में श्रम संसाधन मंत्री भी रह चुके हैं।
सम्राट चौधरी बोले- 40 सीटें जीतने का लिया संकल्प
बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि जब नीतीश कुमार की ओर से नई सरकार बनाने का प्रस्ताव आया तो बीजेपी ने उसका समर्थन किया। उन्होंने इसे भावनात्मक क्षण बताते हुए कहा कि आज मुझे विधानमंडल दल का नेता चुना गया है। मैं इसके लिए पीएम मोदी और सभी को धन्यवाद देता हूं। बिहार के विकास और आतंक को खत्म करने के लिए 2020 में जनसमर्थन मिला था। उन्होंने कहा, “जब नीतीश कुमार का प्रस्ताव बीजेपी के पास आया तो हमने उसका समर्थन करने का फैसला किया। हमने बिहार से 40 लोकसभा सीटें जीतने का संकल्प लिया है।”
NEWS SOURCE : livehindustan
