
फरीदाबाद : प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि अब पढ़े-लिखे युवाओं को मेरिट पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। नौकरियां देने में पर्ची-खर्ची का खेल मनोहर सरकार में खत्म हो चुका है। इसमें पारदर्शिता आई है। परिवहन मंत्री रविवार को भारतीय जनता पार्टी के मंडल कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मंडल स्तर पर बैठकें ली जा रही हैं। संगठन को मजबूत करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। उन्होंने मंडल के पदाधिकारियों एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को टिप्स देते हुए कहा समर्पित होकर पार्टी व देशहित में काम करें। आज जो संगठन में हैं, वो कल सरकार में होंगे और सरकार में प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन का जिम्मा संभालते हैं। यही भाजपा की रीति और नीति है। इसी कारण से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को लाभ मिल रहा है। मंत्री ने कहा सभी पदाधिकारी घर-घर जाकर भाजपा की जनकल्याणकारी योजना और परियोजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक बल्लभगढ़ की जनता कालोनी, अग्रवाल धर्मशाला और किसान भवन में बैठकें आयोजित की गई थी। बैठकों में वरिष्ठ नेता टिपरचंद शर्मा, राजीव जेटली, कैलाश वशिष्ठ, गजेंद्र वैष्णव, अनुराग गर्ग, पारस जैन, बृजलाल शर्मा, दयाचंद यादव, राकेश गुर्जर, हरप्रसाद गौड़, जयवीर खटाना, दीपक यादव मौजूद थे।
